नई दिल्ली, 14 जून । दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री तथा बवाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने रविवार को बवाना विधानसभा के अंतर्गत आने वाले गांव पूठखुर्द में दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के फंड से लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का विधिवत शुभारंभ किया।
इन परियोजनाओं के तहत पूठखुर्द गांव में सड़कों का सुदृढ़ीकरण, सीसी पेवमेंट निर्माण, आरसीसी नालियों का निर्माण और जल निकासी व्यवस्था (ड्रैनेज सिस्टम) को बेहतर बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।
इन्द्राज सिंह ने कहा कि दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा, “पूठखुर्द में शुरू की गई ये परियोजनाएं केवल सड़क और नाली निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह गांव के समग्र विकास और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं। मजबूत सड़कें और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था ही ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं।”
मंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से पूठखुर्द और उसके आसपास के इलाकों की सूरत बदलेगी। आधुनिक सड़कों और नालियों के निर्माण से स्थानीय निवासियों को जलभराव (वाटरलॉगिंग) की पुरानी समस्या से मुक्ति मिलेगी। गांव की आंतरिक कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे लोगों का आवागमन अधिक सुगम हो जाएगा। दैनिक जीवन, व्यापारिक गतिविधियों और सामाजिक सुविधाओं तक ग्रामीणों की पहुंच आसान होगी।
मंत्री ने बवाना विधानसभा में चल रहे विकास कार्यों की रफ्तार को रेखांकित करते हुए कहा कि कल ही दीप विहार में लगभग 20 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया था और आज पूठखुर्द में 10 करोड़ रुपये के कार्यों की शुरुआत हुई है। यह इस बात का सीधा प्रमाण है कि सरकार क्षेत्र के विकास को लेकर पूरी तरह गंभीर और प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में ये कार्य जमीन पर दिखाई देंगे और दिल्ली देहात को विकास की मुख्यधारा से और मजबूती के साथ जोड़ा जाएगा।