सुकमा, 28 जून । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 प्रदेशवासियों के लिए प्रभावी जनसमस्या समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। शिकायत के बाद सुकमा के ग्राम भोपावाड़ा निवासी जोगा हिरमा काे प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की दूसरी किस्त का लंबित भुगतान प्राप्त हाे गया।
विशेष रूप से दूरस्थ अंचल तक इस व्यवस्था की पहुंच ने यह साबित कर दिया है कि अब शासन आमजन के द्वार तक पहुंच रहा है और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। ऐसा ही एक उदाहरण सुकमा जिले के जनपद पंचायत छिंदगढ़ से सामने आया है। ग्राम भोपावाड़ा निवासी जोगा हिरमा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की दूसरी किस्त का भुगतान लंबित होने संबंधी शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 में दर्ज कराई थी।
शिकायत प्राप्त होते ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने मामले का परीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि हितग्राही का आवास निर्धारित स्तर तक पूर्ण हो चुका है, तथा आवश्यक अनुमोदन के बाद दूसरी किस्त के भुगतान हेतु एफटीओ जनरेट किया गया। इसके उपरांत प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त की राशि हितग्राही के बैंक खाते में अंतरित कर दी गई। संबंधित अधिकारी ने रविवार काे इसकी जानकारी हितग्राही को दी, जिसके बाद शिकायत का निराकरण कर दिया गया। अब प्रदेश के दूरस्थ और अंतिम छोर पर बसे नागरिक भी मात्र एक फोन कॉल के माध्यम से अपनी बात सीधे शासन तक पहुंचा रहे हैं और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई हो रही है। सीएम हेल्पलाइन 1076 इसी संकल्प को साकार करते हुए सुशासन की स्थापना की दिशा में एक अत्यंत उपयोगी और भरोसेमंद व्यवस्था सिद्ध हो रही है।