छिंदवाड़ा, 19 जून । प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी-2.0 के तहत मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा नगर पालिक निगम क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों को बड़ी राहत मिली है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा बीएलसी (Beneficiary Led Construction) घटक के अंतर्गत स्वीकृत आवास निर्माण परियोजनाओं के लिए 93 हितग्राहियों को 93 लाख रुपये की राशि का आवंटन किया गया है।
यह राशि उन हितग्राहियों को प्रदान की जा रही है, जिनके आवास निर्माण का कार्य लिंटल स्तर तक पूरा हो चुका है और जिनकी जियो-टैगिंग प्रक्रिया नियमानुसार पूर्ण कर ली गई है।
भारत सरकार से प्राप्त द्वितीय किश्त की राशि को नगरीय निकायों तक पहुंचाने के लिए SNA-SPARSH व्यवस्था के तहत IFMIS पोर्टल पर व्यय सीमा राशि 5,329 लाख रुपये नगरीय निकायों को आवंटित की गई है। इसी क्रम में छिंदवाड़ा नगर निगम को भी निर्धारित राशि के उपयोग और हितग्राहियों के खातों में सीधे भुगतान की अनुमति मिल गई है।
राशि आवंटन के बाद नगर निगम द्वारा आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। नगर निगम आयुक्त सीपी राय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी 93 पात्र हितग्राहियों के खातों में राशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से शीघ्र हस्तांतरित की जाए, ताकि आवास निर्माण कार्य को गति मिल सके।
योजना की राशि मिलने से हितग्राही अपने अधूरे आवास निर्माण को आगे बढ़ा सकेंगे और उन्हें पक्के घर का सपना पूरा करने में मदद मिलेगी।