पलवल, 28 जून । एंटी नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केंटर में छिपाकर ले जाई जा रही 201.75 किलोग्राम गांजे की खेप बरामद की है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी विश्व गौरव ने रविवार को जानकारी देेते हुए बताया कि 26-27 जून की रात पुलिस टीम हसनपुर चौक, होडल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि राजस्थान के अलवर निवासी दो तस्कर टाटा केंटर में कांच की बोतलों के कट्टों के नीचे गांजा छिपाकर उड़ीसा से अलवर ले जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर नाकाबंदी कर संदिग्ध केंटर को रोक लिया गया। पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान पवन कुमार और लियाकत, दोनों निवासी जिला अलवर (राजस्थान), के रूप में बताई। तलाशी के दौरान केंटर में छिपाकर रखे गए 18 कट्टों से कुल 201.75 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपित इस नशीले पदार्थ को ले जाने संबंधी कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने गांजे की खेप, केंटर और उसमें लदा सामान कब्जे में लेकर होडल थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के लिए अदालत से सात दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान तस्करी के पूरे नेटवर्क, गांजे के स्रोत और इसे पहुंचाने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार और सख्ती से जारी रहेगा।