बलरामपुर, 25 जून । जिले की महत्वपूर्ण खुटपाली डायवर्सन परियोजना का गुरुवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने परियोजना स्थल का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से जल संग्रहण, पाइपलाइन निर्माण, जल परिवहन प्रणाली तथा किसानों तक पानी पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खुटपाली डायवर्सन परियोजना को प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है और वर्तमान में टेंडर प्रक्रिया जारी है। परियोजना के तहत लगभग 1.4 मीटर व्यास की बड़ी पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिसके माध्यम से पानी का सुरक्षित और निर्बाध प्रवाह सुनिश्चित किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में नहर क्षतिग्रस्त हो जाने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हुई थी। अब नई तकनीक के साथ परियोजना का निर्माण किया जा रहा है, जिससे भविष्य में ऐसी समस्याओं की संभावना काफी कम हो जाएगी। परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्रवासियों को सिंचाई के साथ-साथ जल उपलब्धता के क्षेत्र में भी बड़ा लाभ मिलेगा।
परियोजना के माध्यम से रामानुजगंज क्षेत्र तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाया जाएगा, जिससे बड़ी संख्या में किसानों को फायदा होगा। सिंचाई का रकबा बढ़ने के साथ कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। विशेष रूप से रबी सीजन में किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इस परियोजना से कोटपाली, बसकेपी, खुजरी, चिरकोमा और महराजगंज सहित आसपास के गांवों के किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को परियोजना के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता बनाए रखने और कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचना चाहिए और कार्य समय-सीमा में पूर्ण होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के. मिंज, एसडीओ, जनप्रतिनिधि तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।