4 और 5 जुलाई को होगा बोह घाटी युवा उत्सव : केवल सिंह पठानिया

Share

धर्मशाला, 16 जून । कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित होने वाला बहुप्रतीक्षित बोह घाटी युवा उत्सव इस वर्ष 4 एवं 5 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय मंगलवार को शाहपुर मिनी सचिवालय में आयोजित एक बैठक के दौरान लिया गया। बैठक की अध्यक्षता शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने की। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने बोह घाटी युवा उत्सव को जिला स्तरीय दर्जा प्रदान किए जाने पर विधायक केवल सिंह पठानिया एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उनका धन्यवाद किया।

बैठक में युवा उत्सव के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

विधायक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि इस अवसर पर निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

उन्होंने बताया कि उत्सव के दौरान दो सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दिन के समय युवाओं एवं महिला मंडलों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं खेलकूद प्रतियोगिताओं में मटका फोड़, रस्साकशी, कबड्डी, वॉलीबॉल सहित विभिन्न पारंपरिक एवं लोकप्रिय खेलों का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ एंटी चिट्टा रैली भी निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि उपमंडल के सभी विभागों के अपेक्षित सहयोग तथा स्थानीय लोगों की सक्रिय सहभागिता से ऐसे आयोजन और अधिक भव्य एवं सफल बनते हैं। बैठक में यह भी सहमति बनी कि उत्सव में हिमाचली कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी।