परिवहन विभाग ने छत पर सवारी ढोने वाले छह वाहनाें पर लगाया जुर्माना

Share

पश्चिमी सिंहभूम, 22 जून । सड़क सुरक्षा और यात्री सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सोमवार को तांबो चौक के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार के निर्देश पर मोटरयान निरीक्षक कृष्णा सोरेन के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के दौरान पैसेंजर बसों, ऑटो और मैजिक वाहनों की सघन जांच की गई। जांच का केंद्र बिंदु क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर परिचालन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करना था।

अभियान के दौरान कई ऐसे वाहन जांच के दायरे में आए जिनमें निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं। कुछ वाहनों में यात्रियों को छत पर बैठाकर ले जाया जा रहा था, जिसे गंभीर सुरक्षा उल्लंघन मानते हुए विभाग ने कार्रवाई की। मोटरयान अधिनियम के तहत कुल छह वाहनों पर जुर्माना लगाया गया।

मोटरयान निरीक्षक कृष्णा सोरेन ने कहा कि ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनती है और इससे वाहन के नियंत्रण खोने, ब्रेकिंग क्षमता प्रभावित होने और पलटने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और यात्रियों से भी सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता देने की अपील की।