पलामू, 14 जून । पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम (वीडी राम) ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाकर इसे जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
रविवार को मेदिनीनगर स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद वीडी राम केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दे रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल शासन के नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के प्रति समर्पण के रहे हैं। इस अवधि में देश की दिशा और दशा दोनों में सकारात्मक बदलाव आया है। जनता का विश्वास किसी प्रचार का परिणाम नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में लिए गए निर्णयों, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की नीति और जनता के साथ सीधे संवाद का परिणाम है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनता की सेवा कर रही है। प्रधानमंत्री का स्पष्ट मानना है कि सरकार पर पहला अधिकार गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं का है। इसी सोच के अनुरूप केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं।
उन्होंने कहा कि पंचतीर्थ, जनजातीय गौरव दिवस, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, कर्तव्य पथ, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा, नया संसद भवन और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जैसे कार्य देश की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय गौरव और आधुनिक विकास के प्रतीक हैं।
वीडी राम ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबी उन्मूलन, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, अनुसूचित जाति-जनजाति एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान, डिजिटल क्रांति और बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति, मजबूत विदेश नीति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं।
सांसद ने विकसित भारत के संकल्प को रेखांकित करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान मिले हैं, जबकि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ प्राप्त हुआ है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ‘लखपति दीदी’ अभियान और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए मुद्रा योजना प्रभावी साबित हुई है।
उन्होंने बताया कि देश में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता और महिला सम्मान को बढ़ावा दिया गया है। वहीं रिकॉर्ड निर्यात, रक्षा उत्पादन और रक्षा निर्यात में वृद्धि, वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों का विस्तार तथा यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली की वैश्विक पहचान भारत की आर्थिक प्रगति को दर्शाती है।
वीडी राम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इसके लिए केंद्र की योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा तथा जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता प्रफुल्ल कुमार सिंह, शिव कुमार मिश्रा, विजय ओझा, ईश्वरी पांडे, अलख दुबे, भोला पांडे सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।————