खूंटी, 28 जून । खूंटी स्थित महात्मा गांधी धर्मशाला परिसर में रविवार को राष्ट्रीय हिन्दू रक्षा दल (आरएचआरडी) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से मुक्तिधाम प्रबंधन समिति, खूंटी का गठन किया गया। बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद शोकाकुल परिवारों को अंतिम संस्कार के दौरान कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। खूंटी के मुक्तिधाम में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इसे देखते हुए राष्ट्रीय हिन्दू रक्षा दल की उपसमिति के रूप में मुक्तिधाम प्रबंधन समिति का गठन करने का निर्णय लिया गया।
समिति के पदाधिकारियों में जय प्रकाश भाला को अध्यक्ष, जितेंद्र कश्यप और अनूप साहू को उपाध्यक्ष, संजीव चौरसिया को सचिव और बिनय भगत को कोषाध्यक्ष बनाया गया। वहीं किशोर गंझू, अर्जुन पाहन, अशोक गुप्ता, मंगल मिश्रा, दीपक सिंह और गणेश राम को कार्यकारी सदस्य मनोनीत किया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 12 जुलाई (रविवार) को महात्मा गांधी धर्मशाला में राष्ट्रीय हिन्दू रक्षा दल की एक बृहद बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में संगठन की भावी योजनाओं एवं विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा सभी के सहयोग से हनुमान मंदिर का रुका हुआ निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में राष्ट्रीय हिन्दू रक्षा दल के 62 सदस्य उपस्थित थे।