खूंटी, 24 जून । विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को तोरपा प्रखंड सभागार में बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नवीन चंद्र झा ने किया। प्रशिक्षण में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक कोचे मुंडा समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का उद्देश्य बीएलए-2 को निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रक्रिया और दायित्वों से अवगत कराना था।
प्रशिक्षण के दौरान बीएलए-2 को मतदाता सूची के अद्यतन की प्रक्रिया, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने संबंधी नियमों और प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा विभिन्न प्रपत्रों के सही संधारण, सत्यापन और समयबद्ध निष्पादन के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बीडीओ नवीन चंद्र झा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने में बीएलए-2 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी बीएलए-2 से अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य करने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।
बीडीओ ने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से वंचित नहीं होना चाहिए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं का स्व-घोषणापत्र हस्ताक्षर सहित प्राप्त होगा, उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में प्रकाशित किया जाएगा, चाहे उनकी मैपिंग हुई हो अथवा नहीं। इससे पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि आगामी 30 जून को सभी मतदान केंद्रों पर ‘चुनाव पाठशाला’ का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से आम मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची पुनरीक्षण, मतदाता पंजीकरण और अन्य चुनावी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि मतदाताओं की भागीदारी और जागरूकता बढ़ाई जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। अधिकारियों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित तकनीकी और प्रक्रियागत पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी तथा अभियान को सफल बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों और बीएलए-2 से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।