शिमला, 17 जून । करीब चार साल पुराने एनडीपीएस अधिनियम के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को शिमला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से कानून की पकड़ से बचने का प्रयास कर रहा था और अदालत में पेश नहीं हो रहा था। इसके चलते उसे न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।
मामले के अनुसार पुलिस थाना सदर शिमला में 14 फरवरी 2022 को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में हरियाणा के करनाल निवासी 26 वर्षीय अमित आरोपी था। मामले की सुनवाई के दौरान वह लगातार अदालत में पेश नहीं हुआ और लंबे समय तक फरार रहा। इसके बाद न्यायालय शिमला ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस थाना सदर शिमला की टीम ने विभिन्न स्तरों पर जानकारी जुटाई और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। आखिरकार पुलिस ने आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई है। पुलिस के मुताबिक उसे नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जहां मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी होगी।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बुधवार को बताया कि न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी और अदालतों के आदेशों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत फरार आरोपियों की तलाश कर उन्हें कानून के दायरे में लाने की कार्रवाई जारी है।