नोएडा, 19 जून । जिले के थाना फेस- वन क्षेत्र स्थित सेक्टर नौ में शुक्रवार की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव पुलिस को मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी अमित कुमार मान ने बताया कि आज सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर नौ में एक 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उक्त व्यक्ति को नशे की लत थी। नशे के ज्यादा सेवन के चलते उनकी मौत हुई है। शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की सही जानकारी मिल सकेगी।