भाजपा प्रदेश कार्यालय में कैबिनेट मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सुनी जनसमस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

Share

भोपाल, 23 जून । मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मंत्री तोमर ने कार्यकर्ताओं और नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार और संगठन दोनों की प्राथमिकता है। उन्होंने प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का परीक्षण कर जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनका त्वरित निराकरण कराया। वहीं, शेष मामलों को संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई एवं समाधान के लिए प्रेषित किया गया।

संवाद के दौरान मंत्री तोमर ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय जनसमस्याओं की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी और आमजन को राहत पहुंचाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।कार्यकर्ताओं ने अपनी बात सीधे मंत्री के समक्ष रखने और समस्याओं के निराकरण की तत्परता पर संतोष व्यक्त किया।