भोपाल, 18 जून । मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र एमपी नगर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक शासकीय प्रेस के सामने बिजली के खंभे पर चढ़ गया और हाईटेंशन लाइन के तारों पर चलने लगा। युवक की इस हरकत से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई।
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान हरदा निवासी 42 वर्षीय श्रवण कुमार के रूप में हुई है। वह करीब पांच वर्ष पहले तक हरदा डाकघर में अस्थायी कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। एक आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के बाद उसकी सेवाएं समाप्त कर दी गई थीं। तब से वह नौकरी में पुनर्बहाली के लिए प्रयासरत था। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह श्रवण हरदा से भोपाल पहुंचा और एमपी नगर स्थित डाकघर में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी बहाली की मांग रखना चाहता था। हालांकि अधिकारियों से भेंट नहीं हो सकी। इससे निराश होकर उसने बिजली के खंभे पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मेंटेनेंस के कारण पहले से बंद थी बिजली
युवक के खंभे पर चढ़ते देख लोगों ने तुरंत पुलिस को खबर दी। पुलिस ने तत्काल बिजली कंपनी से संपर्क कर लाइन चालू नहीं करने के निर्देश दिए। राहत की बात यह रही कि उस समय क्षेत्र में लाइन मेंटेनेंस का कार्य चल रहा था और बिजली आपूर्ति पहले से बंद थी। इसी कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सूचना मिलते ही एमपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले सुरक्षा की दृष्टि से भीड़ को दूर हटाया और फिर युवक से लगातार बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। करीब 57 मिनट तक चले घटनाक्रम के बाद युवक पुलिस की समझाइश पर नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारकर हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।