नई दिल्ली, 06 मई । केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को नई दिल्ली में एयरबस इंडिया और दक्षिण एशिया के प्रेसिडेंट और मैनेजिंग डायरेक्टर, जुर्गन वेस्टरमीयर से मुलाकात की। इस दौरान भारत में एयरोस्पेस विनिर्माण और एविएशन से जुड़ी क्षमताओं के विस्तार पर चर्चा की गई।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री ने ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में बताया कि एयरबस के भारत और दक्षिण एशिया के प्रेसिडेंट और मैनेजिंग डायरेक्टर जुर्गन वेस्टरमीयर के साथ एक सार्थक बैठक हुई। गोयल ने आगे लिखा, चर्चा का मुख्य केंद्र भारत से सोर्सिंग को मजबूत करना, एयरोस्पेस विनिर्माण को आगे बढ़ाना, सप्लाई चेन का विस्तार करना, रखरखाव, मरम्मत और संचालन (एमआरओ) क्षमताओं को बढ़ाना और भारत को एक वैश्विक एविएशन हब के रूप में स्थापित करने के लिए कौशल विकास की पहलों को और गहरा करना था।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री की एयरबस इंडिया और दक्षिण एशिया के प्रेसिडेंट और मैनेजिंग डायरेक्टर, जुर्गन वेस्टरमीयर के साथ यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब भारत एयरोस्पेस क्षेत्र में अधिक स्थानीयकरण पर जोर दे रहा है और खुद को विमान तथा उसके कलपुर्जों के उत्पादन के लिए एक प्रमुख वैश्विक हब के रूप में उभारने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। दरअसल दुनियाभर की एयरोस्पेस कंपनियां भू-राजनीतिक कारणों से अपनी आपूर्ति शृंखलाओं का विविधीकरण कर रही हैं और एक स्थिर सोर्सिंग एवं विनिर्माण डेस्टिनेशन के रूप में भारत की ओर देख रही हैं।