कार में बंद हुईं दाे बहनों की दम घुटने से मौत

Share

अलवर, 20 मई । शहर में खेलते-खेलते दाे बहनें कार में बैठ गईं और अंदर बंद हो गई। गेट नहीं खुलने के कारण दोनों बच्चियों का दम घुट गया। कुछ देर बाद परिजनों ने तलाश की तो कार में बेहोशी की हालत में मिली। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। मामला खुदनपुरी इलाके का है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों बच्चियां कार के अंदर जाती दिखाई दे रही हैं।

बच्चियों के पिता रमेश ने बताया मेरी हेयर सैलून की दुकान है। बुधवार को सुबह मैं बेटियों टीना (8) और लक्ष्मी (5) को घर पर छोड़कर दुकान पर काम करने चला गया था। सुबह करीब 11:30 बजे दोनों खेलते-खेलते पास ही स्थित एक कार रिपेयरिंग सेंटर पहुंच गईं। वहां मौजूद लोगों ने उन दोनों को कई बार हटाया भी, लेकिन दोनों दोबारा जाकर एक लाल रंग की खराब कार में बैठ गईं और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद बाहर नहीं निकल सकीं। दम घुटने से दोनों बेहोश हो गईं। दोपहर में पिता घर आए तो नहीं मिली दोनों बहनें रमेश ने बताया मैं दोपहर करीब 12 बजे खाना खाने घर पहुंचा, तो दोनों बेटियां नहीं मिलीं। मैंने उनको आसपास के इलाके में ढूंढा। इस दौरान दोनों बच्चियां कार में बेहोशी की हालत में मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। रमेश ने बताया कि लोगों की मदद से बच्चियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। 4 साल पहले बच्चियों की मां की साइलैट अटैक से मौत हो गई थी।

वैशाली नगर थाना अधिकारी गुरुदत्त सैनी ने बताया- जिस कार में यह दर्दनाक हादसा हुआ, वह पूरी तरह खराब स्थिति में थी। कार का इंजन और बैटरी बंद होने के कारण ऑटो-लॉक होने की संभावना नहीं थी। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, बच्चियां कार के अंदर बैठने के बाद खुद से दोबारा गेट नहीं खोल सकीं, जिसके चलते वे अंदर ही फंस गईं और यह हादसा हो गया। फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।