श्योपुर, 23 मई । मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के विजयपुर क्षेत्र में शनिवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध स्थल छिमछिमा हनुमान मंदिर के बाहर नास्ते की दुकान पर गैस लीकेज होने से सिलेंडर में आग लग गई। जिससे दुकान की टपरिया जल गई।
सिलेंडर में आग लगने के नाम सुनते ही लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। हालांकि कुछ देर की जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पा लिया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि नाश्ते की दुकान में इंडेन कंपनी का घरेलू गैस सिलेंडर उपयोग किया जा रहा था।
घरेलू गैस की जमकर हो रही कालाबाजारी
विजयपुर क्षेत्र में जहां आम लोगों को गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिये कतारों में लगना पड़ रहा है। वहीं बाजार में चाय-नाश्ते की दुकानों पर घरेलू गैस सिलेंडर कालाबाजारी के चलते आसानी से देखे जा सकते हैं। उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिलने से लोगों को घरों में परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
विजयपुर में बिना पंजीयन के चल रही 300 से अधिक दुकानें
विजयपुर कस्बे में चाय-नास्ते की सहित अन्य खाद्य पदार्थों की 300 से अधिक दुकानें बिना किसी पंजीयन के चल रही है। खाद्य विभाग द्वारा कभी इस दिशा में पहल नहीं की गई है। कुछ दुकानों को अववाद स्वरूप छोड़ दिया जाए तो अधिकांश दुकानों पर मिलावट युक्त एवं अमानक खाद्य सामग्री बेची जा रही है।