सूरजपुर : सूरजपुर जिले की 11वीं कलेक्टर बनीं रेना जमील

Share

सूरजपुर, 11 मई । सूरजपुर जिले को सोमवार को नई प्रशासनिक नेतृत्व मिला, जब रेना जमील ने जिले की 11वीं कलेक्टर के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। उनके कार्यभार संभालते ही जिला प्रशासन में नई ऊर्जा और सक्रियता देखने को मिली।

पदभार ग्रहण करने के बाद अपने पहले संबोधन में कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन देना होगी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सुशासन तिहार-2026 का प्रभावी संचालन और जनगणना-2027 की तैयारियां उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगी। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों का लगातार दौरा कर वहां की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जाएगा। आम लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कलेक्टर रेना जमील ने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।