भोपाल, 19 मई । मध्य प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और तेज लू की चपेट में है और इसका असर अब जनजीवन पर भी दिखाई देने लगा है। मंगलवार को प्रदेश में तेज गर्मी और लू जैसे हालात के बीच दो लोगों की मौत हो गई। दोनों को हीट स्ट्रोक यानी लू लगने की आशंका जताई गई है।
राजधानी भोपाल और इंदौर समेत प्रदेश के कई जिलों में गर्म हवाएं चलीं। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बाजार और सड़कें सूनी नजर आईं। मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान छतरपुर जिले के नौगांव में 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक रहा। इसके चलते नौगांव में तीव्र लू चली। वहीं दतिया, गुना, राजगढ़, खजुराहो, दमोह, सागर, ग्वालियर, रायसेन, श्योपुर, रीवा और रतलाम सहित कई जिलों में लू चली।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिन प्रदेश में भीषण गर्मी और तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। कई शहरों में लू जैसे हालात बने हुए हैं और फिलहाल राहत के संकेत नहीं हैं।
सतना जिले के मझगवां बाजार में मंगलवार को खरीदारी करने पहुंचे 50 वर्षीय देवराज सिंह गोंड की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के समय इलाके में तापमान 45 डिग्री के पार था। डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण मौत की वजह की पुष्टि नहीं की है, हालांकि लू लगने की आशंका जताई जा रही है।
इसी तरह मंगलवार को टीकमगढ़ में ओरछा से आ रही एक यात्री बस में महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक शुरुआती तौर पर मामला हीट स्ट्रोक यानी लू से जुड़ा लग रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ होगी।
प्रदेश में तापमान लगातार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा है। छतरपुर के नौगांव में मंगलवार को पारा रिकॉर्ड 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो खजुराहो से भी ज्यादा रहा। खजुराहो में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में 22 शहर ऐसे रहे, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार नौगांव और खजुराहो के बाद दतिया तीसरा सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45.8 डिग्री दर्ज किया गया। राजगढ़ में 45.6 डिग्री, दमोह में 45.5 डिग्री, शाजापुर, टीकमगढ़, गुना और सागर में 45.2 डिग्री, सतना में 45.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों में ग्वालियर में सीजन में पहली बार तापमान 45 डिग्री तक पहुंचा। जबलपुर में 44.6 डिग्री, भोपाल में 44.2 डिग्री, उज्जैन में 43.8 डिग्री और इंदौर में 43.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
तीव्र लू और गर्म रात्रि की जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने दतिया, भिंड, रीवा, सतना, पन्ना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कई जिलों में तीव्र ऊष्ण लहर की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, शाजापुर, मंदसौर और अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजगढ़ जिले में गर्म रात रहने की भी चेतावनी दी गई है। उमरिया, डिंडोरी, कटनी, छिंदवाड़ा और बालाघाट में भी गर्म रात का असर देखने को मिल सकता है।
भोपाल के मौसम विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एचएस पांडे ने कहा कि दोपहर 12 से 3 बजे तक ज्यादा असर रहेगा। ऐसे में लोग जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकले। अगले 3 दिन यानी, 17, 18 और 19 मई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ेगी।
गर्मी बढ़ने पर मौसम विभाग ने बचाव की एडवाइजरी जारी की है। लोगों से दिनभर पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की गई है। कहा गया है कि दोपहर में ज्यादा देर धूप में न रहें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें। दोपहर 12 से 3 बजे तक तेज गर्मी पड़ती है। इस दौरान जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।