मयूरवा पंचायत में पीसीसी सड़क निर्माण पर बवाल

Share

सुपौल, 03 मई । जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड अंतर्गत मयूरवा पंचायत में पीसीसी सड़क निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए काम को बीच में ही रुकवा दिया।

उनका आरोप है कि 15वीं वित्त योजना के तहत लगभग 7 लाख रुपये की लागत से बन रही इस सड़क में मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा था। ग्रामीणों ने मुखिया पति पर भी अनियमितता के आरोप लगाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण की जांच नहीं की गई, तो सरकारी राशि की बर्बादी के साथ-साथ सड़क की गुणवत्ता भी प्रभावित होगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए निर्माण कार्य को रुकवा दिया है। साथ ही जांच के लिए जूनियर इंजीनियर और पंचायत सचिव को मौके पर भेजा गया है। अधिकारियों द्वारा निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच की जा रही है।अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।