सरसंघचालक भागवत के सानिध्य में होगा महाराणा प्रताप का 450वां विजय दिवस समारोह

Share

चित्तौड़गढ़, 06 मई । हल्दीघाटी में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की ऐतिहासिक विजय के 450वें विजय दिवस के उपलक्ष्य में उदयपुर में ऐतिहासिक और अविस्मरणीय समारोह 17 जून को आयोजित किया जाएगा। संघ के चित्तौड़ प्रांत में आयोजित हो रहे मेवाड़ एवं वागड़ के संयुक्त सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत का सानिध्य प्राप्त होगा। इस बृहद स्तरीय कार्यक्रम की पूर्व तैयारी बैठक विद्या निकेतन गांधीनगर चित्तौड़गढ़ में संपन्न हुई। बैठक में जिले से प्रत्येक खंड एवं नगर से सभी प्रमुख कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक हेमंत कुमार जैन, जिला संघचालक अनिरुद्ध सिंह भाटी एवं विभाग कार्यवाह दिनेशचंद्र भट्ट का पाथेय प्राप्त हुआ। विभाग कार्यवाह दिनेशचंद्र भट्ट ने कहा कि हल्दीघाटी युद्ध के 450 वर्ष होने के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत का पावन सानिध्य प्राप्त होने वाला है। इसके निमित्त 17 जून 2026 को मेवाड़ एवं वागड़ का संयुक्त कार्यक्रम आयोजित होने वाला है। उसमें चित्तौड़ जिले से सभी जाति बिरादरी के प्रमुख, प्रबुद्ध जन, युवा, मातृशक्ति, विभिन्न संगठनों के प्रमुख, व समाज के प्रबुद्ध जनों को कार्यक्रम में ले जाना है। उन्होंने कहा हल्दीघाटी में महाराणा प्रताप की विजय हुई थी, अकबर की सेना हल्दीघाटी के युद्ध में परास्त हुई थी। इसी के कारण अकबर ने अपने सेनापति मानसिंह की ड्योढ़ी 6 महीने तक बंद कर दी थी। कार्यक्रम को लेकर विभाग संयोजक विश्वनाथ टांक “पप्सा” ने बताया कि बैठक के दूसरे भाग में सभी कार्यकर्ता खंड अनुसार बैठे और पूरी योजना रचना तैयार की। इस अवसर पर विभाग जिला एवं खंड स्तर के कार्यक्रम के संयोजक, सह संयोजक की घोषणा की गई।