पूर्वी सिंहभूम, 10 मई । पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना लेक से सटे बोंटा पंचायत के गेरूआ गांव स्थित एक रिसॉर्ट में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने चल रहे देह व्यापार के विरोध में जमकर हंगामा किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने रिसॉर्ट परिसर में घुसकर कई कमरों की तलाशी ली और आपत्तिजनक स्थिति में मौजूद तीन जोड़ों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं एक अन्य जोड़ा मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना रविवार सुबह की है। ग्रामीणों का आरोप है कि डिमना लेक के समीप स्थित लेक व्यू रिसॉर्ट में पिछले करीब छह महीनों से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाहरी क्षेत्रों से युवक-युवतियां यहां पहुंचते थे और रिसॉर्ट की आड़ में गलत कार्य किए जाते थे। ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से इसकी शिकायत कर रहे थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी।
ग्रामीण आज सामूहिक रूप से रिसॉर्ट पहुंचे और कमरों की जांच शुरू कर दी। इस दौरान तीन अलग-अलग कमरों से तीन जोड़ों को पकड़ा गया, जबकि एक अन्य भवन में मौजूद एक जोड़ा पीछे के रास्ते से भागने में सफल रहा।
ग्रामीणों ने रिसॉर्ट के मैनेजर संतोष गिरी को भी पकड़ लिया और उस पर आक्रोश जताया। इस दौरान कुछ लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी। बाद में सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मैनेजर को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर अपने साथ लिया।
पुलिस ने पकड़े गए तीनों जोड़ों को हिरासत में लेकर थाना ले जाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण रिसॉर्ट मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक रिसॉर्ट मालिक मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक वे किसी को जाने नहीं देंगे। साथ ही ग्रामीणों ने रिसॉर्ट को स्थायी रूप से बंद कराने की मांग भी उठाई।
पूछताछ के दौरान मैनेजर संतोष गिरी ने बताया कि रिसॉर्ट धनबाद निवासी विनोद सिंह का है। उसने यह भी कहा कि एक ही चहारदीवारी के भीतर एक ओर पतंजलि चिकित्सा केंद्र संचालित होता है, जबकि दूसरी ओर रिसॉर्ट चलता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रिसॉर्ट में शहर के विभिन्न इलाकों से लोग पहुंचते थे और यहां लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस द्वारा कमरों की तलाशी लेने पर कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने बरामद सामान को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।