धनबाद : तीन नाबालिगों से दरिंदगी की कोशिश नाकाम, आरोपित फरार

Share

धनबाद के पूर्वी टुंडी में रविवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां तीन नाबालिग लड़कियों के साथ दरिंदगी की कोशिश की गई। हालांकि, बच्चियों की बहादुरी और ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है।

मामला पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र का है, जहां तीन युवकों ने सरेराह तीन नाबालिग किशोरियों को जबरन पकड़ लिया और उन्हें पास के एक निर्माणाधीन भवन में ले गए। आरोप है कि वहां उनके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की गई।

लेकिन इसी दौरान पीड़ित किशोरियों ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। सैकड़ों ग्रामीणों को आता देख तीनों आरोपितों मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा भी किया।

सूचना मिलते ही पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया।

पुलिस ने पीड़ित पक्ष की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया है। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लोगों में अब भी गुस्सा है।