नई दिल्ली, 20 मई । केंद्रीय खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बुधवार को कहा कि सरकार ने भारत के विधिक मापन सत्यापन बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है और सटीक माप के महत्व पर जोर दिया है।
उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने जारी एक बयान में बताया कि उपभोक्ता मामलों के विभाग ने आजा विश्व मापतौल दिवस 2026 मनाया है, जो 20 मई, 1875 को पेरिस में हस्ताक्षरित ऐतिहासिक ‘मीटर कन्वेंशन’ की 151वीं वर्षगांठ का प्रतीक है। मंत्रालय के मुताबिक इस वर्ष के विश्व मापन दिवस की थीम है “मापन: नीति निर्माण में विश्वास का निर्माण”। इस अवसर पर उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
मंत्रालय के मुताबिक प्रल्हाद जोशी ने इस अवसर पर अपने वर्चुअल संबोधन में निष्पक्षता, उपभोक्ता संरक्षण, वैज्ञानिक विश्वसनीयता और पारदर्शी शासन सुनिश्चित करने में माप विज्ञान की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। इस वर्ष की थीम का उल्लेख करते हुए जोशी ने जोर देकर कहा कि सटीक और विश्वसनीय माप प्रभावी सार्वजनिक नीति, व्यापार, स्वास्थ्य सेवा, पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास की रीढ़ हैं।
उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री जोशी ने कहा कि विभाग ने पात्र निजी संस्थाओं को 40 सरकारी अनुमोदित परीक्षण केंद्र (जीएटीसी) प्रमाण पत्र जारी करके भारत के कानूनी मापन सत्यापन बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया है, जो देश की सत्यापन क्षमता के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रल्हाद जोशी ने इस अवसर पर उपभोक्ता मामलों के विभाग द्वारा किए गए कई प्रमुख सुधारों का उल्लेख किया। इनमें जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) अधिनियम, 2026 के तहत छोटे अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर करना, कुछ छोटे उल्लंघनों के लिए सुधार नोटिस की शुरुआत करना और व्यापार करने में सुगमता लाने के लिए लाइसेंसिंग प्रणाली से पंजीकरण-आधारित प्रणाली में परिवर्तन करना शामिल है।
जोशी ने आगे बताया कि कानूनी मापन के अंतर्गत पंजीकरण और प्रवर्तन संबंधी सेवाओं के लिए एक एकीकृत डिजिटल मंच के रूप में ई-माप पोर्टल का शुभारंभ किया गया है। यह पोर्टल केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर वजन और माप के सत्यापन, पंजीकरण, मॉडल अनुमोदन और प्रवर्तन संबंधी गतिविधियों जैसी सेवाओं को सुगम बनाएगा।
उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने इस अवसर पर अपने संबोधन में शासन और व्यापार में निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वास सुनिश्चित करने के लिए सटीक मापन प्रणालियों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सटीक मापन खाद्य पदार्थ, ईंधन, दवाइयां, बिजली और पैकेटबंद वस्तुओं जैसे क्षेत्रों में नागरिकों के दैनिक जीवन को सीधे प्रभावित करते हैं, जिससे उपभोक्ता विश्वास मजबूत होता है और निष्पक्ष व्यापार प्रथाओं को बढ़ावा मिलता है।