सीवान, 25 मई । विद्यार्थियों को आधुनिक एवं प्रयोगात्मक विज्ञान शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए देवेशकांत सिंह ने नारायण कर्मयोगी हाई स्कूल गोरेयाकोठी में विज्ञान लैब निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद् के तहत गोरेयाकोठी प्रखंड के 10 उच्च माध्यमिक विद्यालयों में फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं बायोलॉजी लैब का निर्माण कराया जाएगा।
विधायक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। आधुनिक विज्ञान लैब बनने से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में बड़ी सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विद्यालय में लैब निर्माण पर 14 लाख 70 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि सभी विद्यालयों में कुल 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार रुपये की लागत से यह कार्य कराया जाएगा।
प्रयोगात्मक शिक्षा से बढ़ेगी वैज्ञानिक सोच
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि आज के दौर में केवल पुस्तक आधारित शिक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रयोगात्मक शिक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। विज्ञान लैब बनने से छात्र-छात्राओं को प्रयोग के माध्यम से पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनमें वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान की भावना विकसित होगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल बेहतर संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है। सरकार विद्यालयों में भवन, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
इन विद्यालयों में बनेगी विज्ञान लैब
जिन विद्यालयों में विज्ञान लैब का निर्माण कराया जाएगा उनमें उच्च माध्यमिक विद्यालय सरारी दक्षिण, नारायण कर्मयोगी उच्च विद्यालय गोरेयाकोठी, उच्च माध्यमिक विद्यालय हरपुर, तप्पी प्रसाद हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज भिठ्ठी, प्रेमचंद हाई स्कूल सरारी, गोपालजी प्रसाद उच्च विद्यालय सानी बसंतपुर, उच्च माध्यमिक विद्यालय सादिकपुर, उच्च माध्यमिक विद्यालय जामो, उच्च माध्यमिक विद्यालय सैदपुरा तथा लालपरी देवी प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज शामिल हैं।
लोगों ने किया पहल का स्वागत
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि विज्ञान लैब बनने से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा में काफी लाभ मिलेगा।
इस मौके पर भाजपा जिला प्रभारी प्रदीप कुमार रोज, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र गिरि, त्रिभुवन सिंह, प्रभुनाथ सिंह, मोहन कुमार, रंजीत दीक्षित, प्रमोद गिरि, उमेश तिवारी, भिखारी सिंह, मनोज मिश्रा एवं ठाकुर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।