बिहार में 16 आईपीएस अधिकारियों का तबादला, कई अहम विभागों में नई जिम्मेदारी

Share

पटना, 10 मई । बिहार सरकार ने राज्य पुलिस प्रशासन में व्यापक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 16 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया है। गृह विभाग द्वारा रविवार को जारी अधिसूचना में साइबर अपराध, आर्थिक अपराध, विधि-व्यवस्था, रेलवे, प्रशिक्षण और तकनीकी सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नई नियुक्तियां की गई हैं।

सरकार के इस फैसले को पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी, तकनीक आधारित और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं।

अधिसूचना के अनुसार नव प्रोन्नत पुलिस महानिदेशक डॉ. परेश सक्सेना को महानिदेशक-सह-आयुक्त, असैनिक सुरक्षा, बिहार, पटना के पद पर पदस्थापित किया गया है। वहीं नव प्रोन्नत पुलिस महानिदेशक निर्मल कुमार आजाद को पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण), बिहार, पटना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सुधांशु कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक, विधि-व्यवस्था, बिहार बनाया गया है। उनके पास यातायात विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। डॉ. अमित कुमार जैन को आर्थिक अपराध इकाई का अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है, जबकि नैयर हसनैन खान को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में तैनात किया गया है।

डॉ. कमल किशोर सिंह को अपर पुलिस महानिदेशक, रेलवे बनाया गया है। वहीं अजिताभ कुमार को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। संजय सिंह को बजट, अपील एवं कल्याण विभाग का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है तथा उन्हें सुरक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

चर्चित आईपीएस अधिकारी अमित लोढ़ा को तकनीकी सेवाएं एवं संचार विभाग का अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। अमृत राज को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा कासे सुहिता अनुपम को कमजोर वर्ग अपराध अनुसंधान विभाग में अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। विकाश वैभव को मगध क्षेत्र, गया का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि क्षत्रनील सिंह को विशेष सचिव, गृह विभाग (विशेष शाखा), बिहार बनाया गया है।

पी. कन्नन को पुलिस महानिरीक्षक, प्रोविजनिंग का दायित्व सौंपा गया है। रंजीत कुमार मिश्रा को अपराध अनुसंधान विभाग में पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है तथा उनके पास साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। वहीं संजय कुमार को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस से स्थानांतरित कर पुलिस महानिरीक्षक, विशेष शाखा, बिहार, पटना का पदभार दिया गया है।

————