पायलट भी नहीं बचा पाएंगे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का विमान : पांडेय

Share

रायपुर, 1 मई । भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के रायपुर दौरे और विधायकों की आपात बैठकों को ‘डैमेज कंट्रोल’ की नाकाम कोशिश करार दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, कांग्रेस का विमान अब पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिसे कोई भी ‘पायलट’ अब उड़ान नहीं दे सकता।

भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद श्री पांडेय ने कटाक्ष किया कि, छत्तीसगढ़ कांग्रेस में असंतोष की आग इतनी भयंकर है कि दिल्ली से विशेष रूप से सचिन पायलट को ‘आग बुझाने’ के लिए भेजना पड़ा है। लेकिन जिस पार्टी की बुनियाद ही आपसी अविश्वास पर टिकी हो, वहाँ बैठकों से कुछ हासिल होने वाला नहीं है। पांच वर्षों के अपने शासनकाल में कांग्रेस ने जो भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियाँ अपनाई थीं, आज वही असंतोष बनकर उनके विधायकों और कार्यकर्ताओं के बीच फूट रहा है। जनता ने तो उन्हें नकार ही दिया था, अब उनके अपनों ने ही बगावत का झंडा बुलंद कर दिया है।

प्रदेश प्रभारी पायलट द्वारा ली जा रही विधायकों की बैठक के मद्देनजर श्री पांडेय ने कहा कि, छत्तीसगढ़ कांग्रेस अब गुटों में बँट चुकी है। सचिन पायलट यहाँ एकता का पाठ पढ़ाने आए हैं, लेकिन वे खुद जानते हैं कि राजस्थान से लेकर छत्तीसगढ़ तक कांग्रेस की ‘एकता’ सिर्फ तस्वीरों तक सीमित है। कांग्रेस चाहे कितनी भी बंद कमरे में बैठकें कर ले, छत्तीसगढ़ की देवतुल्य जनता का विश्वास वह खो चुकी है। प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार आज सुशासन और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है, जिससे ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस अपनी अंदरूनी लड़ाई को छिपाने का ढोंग कर रही है।