प्रयागराज : होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, निष्पक्षता पर फोकस : मनीष कुमार वर्मा

Share

प्रयागराज, 22 अप्रैल । उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। पुलिस लाइन सभागार में पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस कमिश्नर का बयान

पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने कहा कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाए और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या प्रतिबंधित सामग्री को अंदर ले जाने की अनुमति न दी जाए।

उन्होंने कहा कि केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ नहीं लगने दी जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। नकल कराने वाले गिरोहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। साथ ही सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों से निरंतर समन्वय बनाए रखने और कंट्रोल रूम को नियमित रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद के 37 परीक्षा केंद्रों पर 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी।

डीएम ने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करें। परीक्षा के दौरान सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।