पशु तस्कर चार गौवंश के साथ गिरफ्तार, पिकअप बरामद

Share

प्रयागराज, 27 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाने की पुलिस टीम ने सोमवार को पशु तस्करी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से चार गौ वंश सांड़ एवं एक पिकअप बरामद किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ पशु क्रूरता और गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपित नवाबगंज थाना क्षेत्र के मुबारकपुर निवासी मो. असद (30) पुत्र स्व. मंगरू है । उल्दामहेशगंज के पास स्थित बाबा की बाग मे आरोपित पिकअप वाहन पर चार गोवंश लाद रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इस गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना नवाबगंज में मु0अ0सं0-143/2026 धारा 3/5A/8 उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपित के खिलाफ पूर्व में भी गोवध निवारण अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि, “अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पशु क्रूरता और अवैध परिवहन के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।” इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक भीष्म नारायण सिंह, इन्द्रजीत यादव, ज्ञानमणि त्रिपाठी, जैकी गौड़ तथा हेड कांस्टेबल भानू प्रताप शुक्ला की अहम भूमिका रही।