जयपुर, 24 अप्रैल । राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को न्याय देने में पूर्व जजों की भूमिका पर सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाले इस आयोजन में सीजेआई सूर्यकांत अपने विचार रखेंगे। वहीं कई पूर्व जजों के साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी सेमिनार में शामिल होंगे।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जारी सूचना के अनुसार सेमिनार के शुभारंभ के बाद दिन में दो सेशन आयोजित किए जाएंगे। जिसमें सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के पूर्व जजों सहित विधि क्षेत्र से जुडे लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम के चलते शनिवार को हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में सभी न्यायाधीश मामलों की सुनवाई करेंगे। इस दौरान जोधपुर मुख्य पीठ से आए जज वहां के मुकदमों की वीसी के जरिए सुनवाई करेंगे। हालांकि पूर्व में शनिवार को कार्य दिवस घोषित होने के चलते वकीलों के विरोध के बाद उनकी उपस्थिति वैकल्पिक रखी गई थी।