अवैध रूप से संचालित निजी अस्पताल पर छापेमारी, कांड दर्ज

Share

अररिया 27 अप्रैल। जिलाधिकारी विनोद दूहन के निर्देश पर पलासी में अवैध रूप से संचालित एक निजी अस्पताल के खिलाफ सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई है। इस क्रम में नित्या इमरजेंसी हॉस्पिटल को सील करते हुए संबंधितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

पलासी वार्ड संख्या 04 स्थित नित्या इमरजेंसी हॉस्पिटलl का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि नित्यानंद साह के द्वारा अस्पताल बिना निबंधन के अवैध रूप से संचालित किया जा रहा है। निरीक्षण के समय अस्पताल में दो प्रसव मरीज भर्ती थे, जिन्हें तत्क्षण पीएचसी पलासी में स्थानांतरित कराया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर राहुल कुमार यादव मौके पर मौजूद नहीं थे। संचालक ने बताया कि डॉक्टर केवल ऑपरेशन के समय ही आते हैं। यह स्थिति स्वास्थ्य मानकों के गंभीर उल्लंघन की श्रेणी में पाई गई।

निरीक्षण के बाद प्रशासन ने अस्पताल में उपलब्ध सभी उपकरणों एवं सामग्रियों को जब्त कर कमरे को सील कर दिया। साथ ही, संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।