भोपाल, 15 अप्रैल । मध्य प्रदेश पुलिस ने आधुनिक तकनीक, सीईआईआर पोर्टल, साइबर विश्लेषण एवं स्थानीय आसूचना के प्रभावी उपयोग से विगत दो सप्ताह में प्रदेश के विभिन्न जिलों में 491 मोबाईल फोन नागरिकों को लौटाये हैं, जिनकी कीमत लगभग 74 लाख रुपये से अधिक है। मोबाइल मालिकों ने अपने गुम हुए मोबाइल वापस मिलने पर अत्यधिक खुशी व्यक्त करने के साथ ही पुलिस का आभार व्यक्त किया है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई कि मुरैना जिले में साइबर सेल टीम एवं विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए सीईआईआर पोर्टल एवं स्थानीय आसूचना के माध्यम से 211 गुम मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत लगभग 31 लाख रुपये) सफलतापूर्वक ट्रेस किए गए। जब्त किए गए मोबाइल फोन को विधिवत उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किया गया। इसी तरह बैतूल पुलिस द्वारा साइबर सेल एवं थाना पुलिस के संयुक्त प्रयासों से 100 मोबाइल (लगभग 9 लाख रुपये) जब्त किए गए। ये मोबाइल देश के विभिन्न राज्यों एवं मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों से खोजे गए।
रतलाम जिले में थाना आलोट पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए 21 गुम मोबाइल फोन (लगभग 4 लाख रुपये) जब्त किए गए। जबलपुर पुलिस द्वारा 148 गुम मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये) संबंधित धारकों को सुपुर्द किए गए है। वहीं, रेलवे स्टेशन जबलपुर में चलाई गई विशेष चेकिंग के दौरान जीआरपी पुलिस द्वारा एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 6 महंगे मोबाइल फोन (लगभग 1 लाख 11 हजार रुपये) जब्त किए गए है।
भोपाल के थाना हबीबगंज पुलिस द्वारा मोबाइल लूट की घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 70 हजार रुपये के 5 आईफोन सहित अन्य मोबाइल फोन जब्त किए गए। इन सभी कार्रवाईयों में सीईआईआर पोर्टल, सिटीजन कॉप एप एवं साइबर सेल की तकनीकी जांच का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऑनलाइन शिकायत प्रणाली के माध्यम से अब आमजन घर बैठे ही अपनी शिकायत दर्ज कर पा रहे हैं, जिससे समय की बचत के साथ-साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो रही है।
मध्य प्रदेश पुलिस आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल सीईआईआर पोर्टल अथवा सिटीजन कॉप एप के माध्यम से शिकायत दर्ज करें, ताकि शीघ्र कार्यवाही करते हुए उनकी संपत्ति वापस दिलाई जा सके।