मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम का बदला मिजाज, आधे प्रदेश में बारिश के आसार

Share

भोपाल, 30 अप्रैल । मध्य प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है। बीते बुधवार को राजधानी भोपाल में तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। हालांकि, मौसम में अब बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों में लू से राहत मिलने की संभावना है। गुरुवार के लिए लू का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया गया है। जिन जिलों में मौसम बदलने की संभावना है, उनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, राजगढ़, नीमच, मंदसौर, सागर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मंडला, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा समेत कई इलाके शामिल हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है और एक ट्रफ लाइन गुजर रही है, जिसके कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। दूसरी ओर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर सहित कई जिलों में अभी भी तेज गर्मी का असर बना रहेगा। बुधवार को सीधी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रायसेन में 43.6 डिग्री, नरसिंहपुर और खंडवा में 43 डिग्री, सतना में 42.9 डिग्री और रीवा में 42.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 43.7 डिग्री, इंदौर में 40.1 डिग्री, ग्वालियर में 39.4 डिग्री, उज्जैन में 40 डिग्री और जबलपुर में 40.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि 2 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिसका असर मध्यप्रदेश के मौसम पर भी पड़ सकता है। इसी बीच लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें, क्योंकि इस दौरान लू का असर सबसे अधिक रहता है।