देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं, घबराहट में बुकिंग न करें : इंडियन ऑयल

Share

नई दिल्ली, 03 अप्रैल । देश की सबसे बड़ी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की तेल और गैस विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने शुक्रवार को कहा कि देश में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और प्रतिदिन करीब 28 लाख एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है। इसलिए घबराहट में बुकिंग न करें।

आईओसी ने एक बयान में कहा कि पश्चिम एशिया संकट और वैश्विक ऊर्जा बाजार में भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के बावजूद भारत में तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की आपूर्ति स्थिर एवं पर्याप्त है और घरेलू उपलब्धता उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है। कंपनी ने कहा कि देश में रोजाना लगभग 28 लाख सिलेंडर बांटे जा रहे हैं, जो सामान्य स्तर के बराबर है। घबराहट से प्रेरित मांग को रोकने के लिए उपभोक्ताओं से कहा गया है कि वे समय से पहले बुकिंग न करें। कंपनी के अनुसार वह प्रतिदिन करीब 28 लाख एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति कर रही है, जो मौजूदा तनाव से पहले के सामान्य स्तर के अनुरूप है।

आईओसी ने बताया कि करीब 87 फीसदी ‘रीफिल बुकिंग’ डिजिटल माध्यमों से की जा रही हैं, जबकि सही उपभोक्ता तक सिलेंडर पहुंचाने के लिए एक बार इस्तेमाल होने वाले पासवर्ड (ओटीपी) आधारित प्रणाली से वितरण की पुष्टि की जा रही है। उपभोक्ताओं को एसएमएस (संदेश) और इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स सिस्टम (आईवीआरएस) जैसे डिजिटल माध्यमों से एलपीजी ‘रीफिल बुक’ (सिलेंडर फिर भरवाने) करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। सोशल मीडिया और उपभोक्ता शिकायतों के जरिए कुछ एलपीजी वितरकों को अनियमितताओं की जानकारी मिली है। काला बाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए विभिन्न विभागों के कई दल एलपीजी वितरक केंद्रों पर अचानक निरीक्षण कर रहे हैं।

कंपनी के मुताबिक अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए 7,500 से अधिक निरीक्षण किए गए और 141 वितरकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिनमें 5 को निलंबित किया गया है। इसके अलावा राज्य सरकारों और अन्य तेल एवं गैस विपणन कंपनियों के साथ मिलकर करीब 68 हजार छापे भी डाले गए हैं। इस संबंध में 855 प्राथमिकी दर्ज की गईं और 48 हजार से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए। कंपनी ने कहा कि वह एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता, वितरण में पारदर्शिता एवं अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।