झांसी, 24 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में जिलाधिकारी गौरांग राठी के चार्ज संभालने के बाद तीसरे दिन शुक्रवार को प्रशासनिक सख्ती एक बार फिर देखने को मिली। जिलाधिकारी ने 10 बजते ही कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने कई अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार की सुबह जैसे ही घड़ी ने 10 बजाए जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय परिसर का निरीक्षण शुरू कर दिया। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी अपने कार्यालयों से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यों में ढिलाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में देरी या लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस औचक निरीक्षण से कलेक्ट्रेट में हड़कंप का माहौल रहा और कर्मचारियों में अनुशासन को लेकर गंभीरता बढ़ती नजर आई। जिलाधिकारी ने साफ संकेत दिए कि कार्यप्रणाली में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
————-