बेटे के अंतरजातीय विवाह के कारण पिता की हत्या, बिहार से धराया

Share

पलामू, 23 अप्रैल । जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 में हुए चर्चित खैनी व्यवसायी संतोष प्रसाद हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में फरार चल रहे एक मुख्य शूटर को बिहार से गिरफ्तार कर गुरूवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि 29 अप्रैल 2024 को छतरपुर के खाटिन रोड स्थित गर्ल्स स्कूल के समीप अज्ञात अपराधियों ने खैनी व्यवसायी संतोष प्रसाद को गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल, फिर मेदिनीनगर एमएमसीएच और बाद में रांची रिम्स रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही मुख्य साजिशकर्ता आशुतोष कुमार सिंह उर्फ बुट्टा और उसके सहयोगी रोशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए थे।

मुख्य शूटर बिहार के रोहतास जिले के धर्मपुर थाना क्षेत्र के हसनी निवासी रजनीश कुमार उर्फ छोटू सिंह (23) घटना के बाद से फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी और आखिरकार 22 अप्रैल को उसे रोहतास जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।

जांच में सामने आया है कि आरोपित आशुतोष कुमार सिंह की बहन ने संतोष साव के बेटे के साथ अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। इस रिश्ते को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद था। बताया जाता है कि आशुतोष ने बदला लेने के लिए बाहर से शूटर बुलाए थे।

गिरफ्तारी अभियान में छतरपुर थाना के सब इंस्पेक्टर सुशील उरांव एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।