देवघर,08 अप्रैल । असम के मुख्यमंत्री डॉ.हिमंत बिस्व सरमा बुधवार को बाबा नगरी देवघर पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चन कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। देवघर आगमन के दौरान उनके साथ गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे भी मौजूद रहे।
देवघर एयरपोर्ट पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर झारखंड के पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से अभिनंदन किया। स्वागत के बाद उनका काफिला शहर की ओर रवाना हुआ। शहर प्रवेश के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले अनुकूलचंद्र ठाकुर सत्संग आश्रम पहुंचे,जहां उन्होंने ठाकुर जी का आशीर्वाद लिया। यहां सांसद निशिकांत दुबे पहले से उपस्थित होकर उनका स्वागत किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचा। मंदिर परिसर में पहुंचने पर नियमानुसार उनके हाथ धुलवाए गए,जिसके बाद वे गर्भगृह में प्रवेश कर देवाधिदेव महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा देश एवं विश्व कल्याण की कामना की।
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री डॉ डॉ.हिमंत बिस्व सरमा ने कोई राजनीतिक टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गुरुवार को असम में चुनाव होने हैं और ऐसे समय में कुछ भी कहना उचित नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद पुनः आने पर पत्रकारों से विस्तार से बातचीत करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे मार्ग पर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा।
इस दौरान गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे,पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष दिवाकर गुप्ता, पूर्व विधायक नारायण दास, नगर अध्यक्ष सोनधारी झा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।————–