डिजिटल जनगणना 2027: सागर कलेक्टर ने की स्व-गणना, नागरिकों से की खास अपील - सरस जनवाद

डिजिटल जनगणना 2027: सागर कलेक्टर ने की स्व-गणना, नागरिकों से की खास अपील

Share

सागर, 16 अप्रैल । मध्य प्रदेश के सागर जिले में प्रस्तावित जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में प्रतिभा पाल ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में डिजिटल माध्यम से स्वयं की स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) कर जिले के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया।

इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को डिजिटल जनगणना प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने के लिए प्रेरित करना है।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को आधुनिक, सरल और पारदर्शी बनाया जा रहा है। नागरिक अपने मोबाइल फोन या कंप्यूटर के माध्यम से निर्धारित सरकारी पोर्टल पर जाकर आसानी से अपनी जानकारी भर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से नागरिकों को गणनाकारों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, स्वयं जानकारी भरने से त्रुटियों की संभावना कम होगी और डिजिटल पोर्टल पर डेटा की गोपनीयता भी सुरक्षित रहेगी।

प्रतिभा पाल ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक इस डिजिटल पहल का हिस्सा बनें, क्योंकि सटीक जनगणना के आधार पर ही देश और जिले के विकास की योजनाएं बेहतर ढंग से बनाई जा सकती हैं।

अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। पंचायत स्तर से लेकर वार्ड स्तर तक लोगों को डिजिटल पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी जाएगी, ताकि कोई भी परिवार इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रहे।

प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग दें।