दृष्टिहीन खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मबल से देश का नाम रोशन कर रहे : डीआईजी

Share

मुरादाबाद, 29 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में रामगंगा विहार स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को आमंत्रण राष्ट्रीय ब्लाइन्ड क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का समापन एवं पुरस्कार वितरण किया गया। टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश की टीम विजेता बनी और महाराष्ट्र की टीम उपविजेता रही। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मुरादाबाद परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक मुनिराज जी ने कहा कि दृष्टिहीन खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मबल से देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों को अपनी क्षमताओं को निखारने का अवसर मिलने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ब्लाइंड क्रिकेटरों का खेल सामान्य क्रिकेट से कम रोमांचक नहीं होता। खिलाड़ियों के असाधारण प्रदर्शन और खेल भावना को सलाम किया जाता है, जो शारीरिक सीमाओं को तोड़कर आगे बढ़ते हैं।

डीआईजी मुनिराज जी ने प्रतियोगिता में आए हुए सभी दिव्यांग/दृष्टिबाधित खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल के माध्यम से वह अपना भविष्य भी बना सकते हैं एवं प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना ही उनकी जीत है।

ब्लाइन्ड स्पोर्ट्स एसोसिएशन उप्र के सचिव डॉ अजय पाठक ने बताया कि उत्तर प्रदेश की विजेता टीम को 15 हजार रुपये व विजेता ट्राफी एवं महाराष्ट्र की उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार तथा उपविजेता ट्राफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक मण्डल में मौ बाकर अली जैदी क्रिकेट कोच, रोहित कुमार, चन्द्र प्रताप सिंह, जतिन कुमार, अजय कुमार रहे।

इसके साथ ही सफल आयोजन के लिए डॉ अजय पाठक को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी दिव्यांग/दृष्टिबाधित प्रतियोगिताएं ऐसे ही आयोजित होनी चाहिए, जिससे दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शन करने का अवसर प्राप्त हो सकें।

इस अवसर पर जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के विजय गुप्ता, आरएसडी के निदेशक डॉ विनोद कुमार अजय शर्मा, राम कृपाल प्रधान सहायक, प्रदीप सक्सैना, अंकित अग्रवाल, नरेश पाल सिंह, बैडमिन्टन प्रशिक्षक आसिफ सिद्दीकी, कुश्ती कोच गोविन्द कुमार आदि उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का संचालन अरूण मोहन शंखधार ने किया।

इस प्रकार रहा फाइनल मैच का मुकाबला

प्रतियोगिता का फाइनल मैच आज उत्तर प्रदेश एवं महाराष्ट्र के मध्य खेला गया। जिसमें महाराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम ने 6 ओवर में 56 रन बनाये। उत्तर प्रदेश की तरफ से अक्षय ने 30 रन और चन्दन ने 9 रन बनाये। महाराष्ट्र की तरफ से प्रशान्त ने 2 व राजकुमार ने 1 विकेट प्राप्त किये। लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाराष्ट्र की टीम 6 ओवर में मात्र 44 रन ही बना पायी। महाराष्ट्र की टीम की ओर से प्रशान्त ने 11 रन का योगदान दिया। उत्तर प्रदेश की टीम ने महाराष्ट्र की टीम को 12 रनों से हराकर फाइनल अपने नाम किया। इस फाइनल मैच का मैन ऑफ दि मैच अक्षय रहे।

————-