पश्चिमी देशों पर ट्रंप का निशाना, अमेरिका से खरीदें तेल या होर्मुज पर कब्जा करें

Share

वॉशिंगटन, 31 मार्च । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य में पैदा हुए गतिरोध को लेकर पश्चिमी देशों पर निशाना साधा है। ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि ब्रिटेन जैसे जो देश होर्मुज जलडमरूमध्य के कारण जेट ईंधन नहीं ले पा रहे हैं और जिन्होंने ईरान के खिलाफ कार्रवाई में हिस्सा लेने से इनकार किया था, उन देशों को लेकर उनकी कुछ सलाह है।

ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल का संयुक्त सैन्य अभियान मंगलवार को 32वें दिन में प्रवेश कर चुका है। इसे लेकर ह्वाइट हाउस के एक्स हैंडल से डोनाल्ड ट्रंप के ट्रुथ सोशल पोस्ट को साझा किया गया है जिसमें वैश्विक स्तर पर गंभीर असर डालने वाले होर्मुज जलडमरूमध्य गतिरोध का जिक्र कर पश्चिमी देशों पर निशाना साधा गया है।

ट्रंप ने कहा है कि `ब्रिटेन जैसे जो देश होर्मुज जलडमरूमध्य की वजह से जेट ईंधन नहीं पा रहे हैं और जिन्होंने ईरान के खिलाफ कार्रवाई में शामिल होने से इनकार किया, उनके लिए मेरे दो सुझाव हैं। पहला, अमेरिका से खरीदो, हमारे पास बहुत है। दूसरा, हिम्मत जुटाओ, जलडमरूमध्य पर जाओ और उसे अपने कब्जे में ले लो। अब तुम्हें खुद अपने लिए लड़ना सीखना होगा, अमेरिका अब तुम्हारी मदद के लिए नहीं आएगा, जैसे तुम हमारे लिए नहीं आए।’

————