नूंह, 31 मार्च । जिले के गांव अड़बर में आगामी 4 से 6 अप्रैल तक होने वाले तीन दिवसीय तबलीगी जलसे की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ज़ाकिर हुसैन ने मंगलवार को जलसा स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जलसा स्थल का निरीक्षण करते हुए ज़ाकिर हुसैन ने बिजली, पेयजल, नहर की सफाई और गांव अड़बर से जलसे स्थल तक जाने वाले मार्गों की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान उन्होंने कहा कि तबलीगी जलसे के प्रबंधों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। जिला प्रशासन भी आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि इस तीन दिवसीय जलसे में दुनिया भर की तबलीगी जमात के अमीर हजरत मौलाना साद साहब की शिरकत होगी। आयोजन में करीब 5 से 6 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिसके मद्देनज़र व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि यह जलसा 4, 5 और 6 अप्रैल को नूंह जिले के अड़बर व जोगीपुर गांव में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।