सरहुल पर तोरपा में निकली भव्य शोभायात्रा, मांदर की थाप पर झूमे श्रद्धालु

Share

खूंटी, 31 मार्च । जनजातीय समाज के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण पर्व सरहुल के अवसर पर मंगलवार को ताेरपा में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

इस दौरान पूरे आदिवासी समाज में उत्सव का माहौल रहा। पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे महिला-पुरुषों और युवाओं और बच्चों ने ढोल, नगाड़ों और मांदर की थाप पर जमकर नृत्य किया और प्रकृति के इस पावन पर्व की खुशियां मनाईं।

शोभायात्रा प्रखंड मैदान से शुरू होकर मेन रोड, खसुआ टोली होते हुए पेट्रोल पंप तक गई। वहां से पुनः मेन रोड से हिल चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तक गई।

विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए मेन रोड होते हुए हिल चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल तक पहुंची। इस दौरान पारंपरिक गीत-संगीत के साथ जनजातीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। शोभायात्रा में शामिल लोग मांदर की थाप पर थिरकते नजर आए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि यह पर्व प्रकृति के प्रति आदिवासी समाज की आस्था और सम्मान का प्रतीक है। सरहुल हमें प्रकृति के संरक्षण और सामूहिकता का संदेश देता है। उन्होंने सभी लोगों को सरहुल की बधाई भी दीं।

वहीं कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर बीडीओ नवीन चंंद्र झा, जिला परिषद सदस्य सुशांति कोनगाड़ी, उप प्रमुख संतोष कर, थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव, विधायक सुदीप गुड़िया की धर्म पत्नी अनीता कोनगाड़ी, प्रिया मुंडा, विजय मुंडा, दुर्गावती ओड़िया, विनोद भगत, दीपक तिग्गा सहित बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग शामिल थे।