मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण: पहले चरण में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने वाले 78 बीएलओ आज होंगे सम्मानित

Share

जयपुर, 20 नवंबर । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 का कार्य तेजी से प्रगति पर है। चार नवंबर से प्रदेशभर में बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं तथा प्राप्त विवरण का डिजिटाइजेशन कर रहे हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि 19 नवंबर तक शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने वाले प्रदेश के 78 उत्कृष्ट बीएलओ को गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सम्मानित करेंगे, जो इस अभियान के प्रति उनकी निष्ठा और परिश्रम का प्रमाण है।

उन्‍होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा voters.eci.gov.in पर पिछली एसआईआर की मतदाता सूची में अपने नाम से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए एक नई सर्च सुविधा प्रारंभ की गई है, जिसके अंतर्गत अब मतदाता अपने नाम एवं रिश्तेदार के नाम के आधार पर पिछली SIR की मतदाता सूची में अपना विवरण ढूंढ सकते हैं। इस नई सुविधा से मतदाताओं को स्वयं एवं बीएलओ को उनकी मैपिंग करने में अत्यधिक सुविधा हो जाएगी और ऐसे मतदाता जिनकी मैपिंग अभी तक करने में देरी लग रही थी , उनके लिए भी अब इस सुविधा से मैपिंग करना बहुत आसान हो जाएगा । ऐसे मतदाता जिनकी मैपिंग हो जाती है उन्हें SIR की संपूर्ण प्रक्रिया में किसी भी तरह का कोई दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं रहेगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर–2026 के अंतर्गत प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। पिछले 16 दिनों में 2.37 करोड़ गणना प्रपत्र ECINET पर अपलोड किए जा चुके हैं, जो देश में सभी बड़े राज्यों में 44 प्रतिशत के साथ सर्वाधिक है। यह इस विशेष अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि है।

अग्रणी जिलों की जानकारी देते हुए उन्‍होंने बताया कि बाड़मेर 58 प्रतिशत डिजिटाइजेशन के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। वहीं सलूंबर, सवाई माधोपुर, धौलपुर, फलोदी, झालावाड़ एवं भरतपुर 50 प्रतिशत से अधिक अपलोडिंग के साथ शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल है।