टमाटर तोड़कर लौट रही महिला मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 16 घायल - सरस जनवाद

टमाटर तोड़कर लौट रही महिला मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 16 घायल

Share

मीरजापुर, 8 नवंबर । शनिवार की शाम मीरजापुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के बलहरा मोड़ के पास महिला मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक किशोर सहित 16 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मंडलीय अस्पताल भेजवाया।

घायलों में चार महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

सीओ सदर अमर बहादुर ने बताया कि हादसे के समय वाहन में सोनभद्र जनपद के कई मजदूर सवार थे। सभी मजदूर टमाटर के खेतों में काम करने के लिए मीरजापुर आए थे। शनिवार शाम काम खत्म होने के बाद वे पिकअप से मड़िहान की ओर लौट रहे थे, तभी बलहरा मोड़ पर चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया और मौके पर राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह बताई जा रही है।