युवक को बस ने रौंदा, मौके पर हुई मौत
कवर्धा, 7 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में बुधवार को लंच टाइम के बाद वापस काम पर लौट रहे युवक को बस ने रौंद दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। बड़ी संख्या में लोगों ने रायपुर जबलपुर नेशनल हाइवे 30 में चक्काजाम कर दिया है। लोगों ने शराब दुकान हटाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, राहुल पाली (21 वर्षीय) अपने घर में अकेला कमाने वाला था, वह बस स्टैंड में स्थित बैटरी दुकान में काम करता था। बुधवार को वह खाना खाने के लिए अपने घर आया था, काम पर वापस लौटने के दौरान बस ने उसे रौंद दिया। दर्दनाक हादसे में राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद से स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है।
विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि घटनास्थल के पास शराब दुकान दुर्घटना का मुख्य कारण है। आए दिन हादसे की स्थिति बनी रहती है। लोगों की मांग है कि शराब दुकान को बंद कराया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी आ सके। किसी के परिवार में फिर मातम न पसरे। इसके साथ ही मुआवजे की भी मांग की जा रही है।
—————
