संत जेवियर्स ने एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की
पश्चिम सिंहभूम, 9 मई (हि.स.)।
पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित चाईबासा में बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए 14वीं ज्ञानचंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में संत जेवियर्स उच्च विद्यालय ने आइडियल इंग्लिश मीडियम स्कूल, जगन्नाथपुर को एक विकेट से हराकर प्रतियोगिता में शानदार जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आइडियल इंग्लिश स्कूल की पूरी टीम 12.1 ओवर में मात्र 45 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से अस्मत ने सर्वाधिक 17 रन बनाए, जबकि बाकी बल्लेबाज संत जेवियर्स के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सके।
संत जेवियर्स के शंकर सामड़ ने 4 विकेट लेकर विरोधी टीम की रीढ़ तोड़ी, जबकि सावन गोप ने 3 और सरीम सज्जाद ने 2 विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी संत जेवियर्स की टीम को आइडियल स्कूल के गेंदबाजों ने कड़ी चुनौती दी।
अंश राज सिंह की तूफानी गेंदबाजी (6 विकेट/14 रन) ने मैच को बेहद रोमांचक बना दिया। हालांकि, संत जेवियर्स ने 10.1 ओवर में नौ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए अंश राज सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
—————