पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक निहत्थे सैलानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि : विधायक
पलामू, 8 मई (हि.स.)। डालटनगंज- चैनपुर भंडरिया क्षेत्र के विधायक आलोक कुमार चौरसिया ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने एयर स्ट्राइक कर साबित कर दिया है कि दुश्मन देश को भारत से टकराने पर उन्हें क्या नुकसान भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने भारतीय सेना के द्वारा एयर स्ट्राइक को कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए निहत्थे सैलानियों के लिए सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
विधायक आलोक कुमार चौरसिया गुरूवार को सदर प्रखंड के पोलपोल पंचायत के शिवबेल गांव में पक्कीकरण रोड बनाने के लिए शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। सड़क की लगात दो करोड़ 20 लाख है। शिवबेल गांव में बड़का पत्थर से धमधमवा जगन सिंह के घर स्कूल होते हुए औरंगा नदी तक सड़क का निर्माण किया जाएगा।
मौके पर विधायक ने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के लिए विकास की पहली पहचान है। क्षेत्र में हमने सड़कों का जाल बिछा दिया है। क्षेत्र की जनता ने मुझे तीसरी बार प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि आपकी हर जरूरत पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। जरूरत को बेशक हमें बताएं। आपकी समस्या का समाधान करने के लिए तैयार हूं। आप सभी ने मेरे पिता को जो सम्मान दिया तथा उनके बाद लगातार तीसरी बार जीता कर मुझे जो अवसर दिया है, इसका मैं सदैव ऋणी हूं।
इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि राणा प्रताप कुशवाहा, भरदुल सिंह, अर्जुन सिंह, आनंद सिंह, बिगन साव, जोगेंद्र सिंह, राजनाथ सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।
—————