छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हुआ हाई-अलर्ट मॉक ड्रिल
दुर्ग/रायपुर, 7 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शाम 4 बजे एक हाई-अलर्ट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें युद्धकालीन आपातकालीन स्थिति का अभ्यास किया गया। अचानक सायरन बजा और सड़कों पर ट्रैफिक थम गया। सड़कों पर कार, मोटरसाइकिल से उतरकर लोग जमीन में बैठ गए। तभी सूर्या मॉल में अचानक आग लगने की खबर मिली और मॉल में अफरा तफरी मच गई। चंद मिनट में पुलिस, एसडीआरएफ और फायर बिग्रेड ने मोर्चा संभाला और हालात काबू में लिए गए।इस मॉक ड्रिल में पाकिस्तान एयर फाइटर से सूर्या मॉल में बम गिराया गया। इस दौरान आग की लपटों के बीच सैकड़ो नागरिक फंसे जिसका रेस्क्यू किया गया ।
मॉक ड्रिल की शुरुआत शाम 4 बजे भिलाई के सेक्टर-6 स्थित पेट्रोल पंप के सामने सायरन बजाकर की गई। इसके बाद पुलिस अधिकारी, वॉलेंटियर्स और एनसीसी कैडेट्स मुख्य चौक-चौराहों पर लेट गए, ताकि आम लोगों को आपदा के दौरान सही प्रतिक्रिया की जानकारी दी जा सके। मॉक ड्रिल दुर्ग और भिलाई में एक ही समय पर 7 जगह किया गया। पुलिस प्रशासन के साथ एनसीसी कैडेट, एनएसएस, नेहरू युवा केन्द्र के मेम्बर्स ने सिविल डिफेंस के तरीके बताए कि इमरजेंसी में भी किस तरह बचाव किया जाना चाहिए।
भिलाई के सूर्या मॉल को मॉक ड्रिल का केंद्र बिंदु बनाया गया।जहां परिकल्पना के अनुसार सैकड़ों नागरिक आग और धुएं के बीच फंस गए।जिसके बाद एनसीसी, पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने मॉल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास शुरू किया।रेस्क्यू के दौरान फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और सुरक्षा बलों का संयुक्त संचालन किया जा रहा है।
ब्लैकआउट मॉकड्रिल का अभ्यास
इसके तहत भिलाई के सेक्टर-1 और सेक्टर-9 क्षेत्र में शाम 7:30 बजे से 7:45 बजे तक ब्लैकआउट किया गया। भिलाई सेक्टर एवं प्लांट क्षेत्र में “रेड अलर्ट ” सायरन बजने से प्रारंभ कर “ऑल क्लियर” सायरन बजने तक “ब्लैक आउट माकड्रिल” का आयोजन किया गया । इस दौरान रैड अलर्ट साइरन बजने पर सभी नागरिकों ने अपने घर, दुकान, आफिस, संस्थान आदि की रोशनी को बंद कर दिया। सडक पर चल रहे वाहन को रैड अलर्ट साइरन बजते ही वाहन को खड़ा कर उसकी हैडलाइट और बैकलाइट को भी बंद कर दिया गया।
