मप्र : राजधानी समेत 16 जिलों में हुई तेज बारिश, चली धूल भरी आंधी, ओले भी गिरे

Share

ई-ऑफिस प्रणाली से कार्य सुनिश्चित करें : संभागायुक्त संजीव सिंह

– समय – सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न

भोपाल, 5 मई (हि.स.)। संभागायुक्त संजीव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा अनुसार समस्त कार्यालयीन कार्य ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि पारंपरिक पद्धति के स्थान पर डिजिटलीकरण की दिशा में विभागों को तेजी से कदम बढ़ाना होगा।

संभागायुक्त संजीव सिंह ने सोमवार को आयुक्त कार्यालय सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में संयुक्त आयुक्त विनोद यादव, राजस्व उपायुक्त किरण गुप्ता एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में समय-सीमा अंकित पत्रों का निराकरण करने तथा आगामी बैठक में प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

संभागायुक्त सिंह ने आगामी समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम के लिए चिन्हित सीएम हेल्पलाइन विषयों पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम की तैयारी के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने 100 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों का तत्काल और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने पर बल दिया। साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त सिंह ने जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि यह सरकार की प्राथमिकता की योजनाओं में से एक है। सभी संबंधित विभाग रणनीति बनाकर निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करें।