दिल्ली की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना विधानसभा की जिम्मेदारी- विजेंद्र गुप्ता
नई दिल्ली, 5 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता का मानना है कि इस पद की कुर्सी बड़ी है, इसलिए जिम्मेदारी भी बड़ी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना विधानसभा की जिम्मेदारी है। रोहिणी सेक्टर-9 स्थित विनोबा कुंज अपार्टमेंट्स के निवासियों द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में अपने विचार साझा करते हुए विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली विधानसभा का सदन दिल्ली की जनता ने अपने लिए चुनकर भेजा है। विधायकों का कर्तव्य है कि विधानसभा में जनता की समस्याओं पर चर्चा हो, विचार-विमर्श हो और उनके समाधान निकाले जाएं। उन्होंने कहा कि मेरा प्रयास सदन को व्यवस्थित रूप से चलाने का रहता है। सदन में विचार-
विमर्श हो। हाल ही में बजट सत्र में 28 घंटे की बहस हुई, जिसमें जनता की कई समस्याओं के समाधान निकले।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वे आत्मीय स्वागत और विनोबा कुंज अपार्टमेंट्स के निवासियों द्वारा दिए गए अपार समर्थन का अत्यंत आभारी हैं। वे भाषण देते समय भावुक भी हुए। उन्होंने कहा विनोबा कुंज वह कई वर्षों से रह रहा हू, यह मेरा परिवार है। मेरे बच्चे यहां बड़े हुए। उन्होंने निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए अपनी नई जिम्मेदारी में ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा करने के संकल्प को दोहराया।
—————